Events and Activities Details
Event image

Seven Day NSS Camp


Posted on 26/02/2026

राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक चेतना को मजबूत करते हैं, जो केवल कक्षा शिक्षण से संभव नहीं है – डॉक्टर कमलेश दुहन राजकीय महाविद्यालय, नलवा (हिसार) में दिनांक 02 फ़रवरी 2026 से 08 फ़रवरी 2026 तक आयोजित सात दिवसीय विशेष राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) शिविर का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्या डॉ. कमलेश दुहन की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस विशेष शिविर में एनएसएस के 50 स्वयंसेवकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया, जिन्होंने पूरे सात दिनों तक अनुशासन, सेवा भावना एवं सामाजिक दायित्व के साथ विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता निभाई। शिविर के दौरान पर्यावरण संरक्षण, नारी सशक्तिकरण, नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा, नैतिक जिम्मेदारी, साइबर सुरक्षा तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके अंतर्गत गांव नलवा में रैलियों के माध्यम से ग्रामीणों को सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया। समापन दिवस के अवसर पर प्राचार्या डॉक्टर कमलेश दुहन ने NSS की क्लोज़िंग सेरेमनी को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में “नॉट मी बट यू” की भावना विकसित करना है। उन्होंने बताया कि NSS शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने ग्राम भ्रमण, स्वच्छता अभियान, योग व खेल गतिविधियाँ, डिजिटल साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता, वृद्धजनों से संवाद तथा विभिन्न सामाजिक विषयों पर कार्यक्रम आयोजित कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। प्राचार्या ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक चेतना को मजबूत करते हैं, जो केवल कक्षा शिक्षण से संभव नहीं है। उन्होंने NSS कार्यक्रम अधिकारियों, शिक्षकों एवं स्टाफ के प्रयासों की सराहना करते हुए स्वयंसेवकों से अपील की कि वे शिविर के समापन के बाद भी सेवा भावना को अपने जीवन में अपनाएँ। अंत में प्राचार्य ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए NSS शिविर के सफल समापन की घोषणा की एवं इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में गाँव के सरपंच श्री सतीश कौशिक, उपस्थित रहे, जिन्होंने लड़कियों की शिक्षा आदि के बारे में विचार व्यक्त किए। शिक्षित लड़की आत्मनिर्भर बनती है और समाज को सही दिशा देती है। फिर भी आज कई लड़कियाँ गरीबी, सामाजिक रूढ़ियों, बाल विवाह और सुरक्षा की कमी के कारण शिक्षा से वंचित रह जाती हैं। वर्तमान समय में साइबर अपराध, भेदभाव और असमान अवसर जैसी समस्याएँ भी लड़कियों के सामने बड़ी चुनौती हैं। इन सभी समस्याओं का सबसे प्रभावी समाधान शिक्षा और जागरूकता है। हमें यह समझना होगा कि लड़की को सहानुभूति नहीं, समान अधिकार और सम्मान चाहिए। जब बेटियाँ पढ़ेंगी, तभी देश आगे बढ़ेगा। यह संपूर्ण सात दिवसीय विशेष शिविर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. राजीव कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के सीनियर अधिकारी डॉक्टर मीनाक्षी शर्मा एवं एनएसएस कार्यक्रम सदस्य सहायक प्राध्यापक डॉक्टर सुनीता , डॉक्टर नेहा रानी, श्री प्रदीप, डॉक्टर राकेश उपस्थित रहे। समापन अवसर पर स्वयंसेवकों ने सात दिनों के अनुभव साझा किए तथा समाज सेवा को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लेते हुए राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया।